1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 16, 2026, 7:45:00 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: आगामी 18 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित गोपालगंज दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने कार्यक्रम स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने सबसे पहले थावे दुर्गा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। यहां मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं और आम लोगों की आवाजाही समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने चनावे जेल के समीप प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
इसके बाद अधिकारियों ने मुकरी टोला स्थित हेलीपैड का निरीक्षण किया। इस दौरान हेलीपैड की तकनीकी तैयारियों, सुरक्षा घेरा, अग्निशमन व्यवस्था, एंबुलेंस की उपलब्धता, वीआईपी मूवमेंट और यातायात प्रबंधन का विस्तृत आकलन किया गया। संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर और बिना किसी कमी के पूरा करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें। वहीं पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज