Hindi News / bihar / purnea-news / SVU ने भ्रष्ट BDO को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार, 16 लाख...

SVU ने भ्रष्ट BDO को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार, 16 लाख के भुगतान में 46 हजार ले रहा था कमीशन

SVU Raid Bihar: बिहार में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को 46 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी 16 लाख रुपये के भुगतान के एवज में कमीशन मांग रहा था।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 16, 2026, 7:28:48 PM

SVU Raid Bihar

- फ़ोटो Reporter

SVU Raid Bihar: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने एक बार फिर से बड़ा एक्शन लिया है। स्पेशल विजिलेंस यूनिट की टीम ने एक प्रखंड विकास पदाधिकारी को 46 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बीडीओ 16 लाख के भुगतान के एवज में 46 हजार रुपए का कमीशन ले रहा था, तभी स्पेशल विजिलेंस यूनिट की टीम ने उसे धर दबोचा।



दरअसल, पूर्णिया के अनगढ निवासी राज किरण ने बैसा प्रखंड में तैनात प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार चौधरी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई थी। राज किरण एक वेंडर हैं और उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए 16 लाख रुपए के सामान की आपूर्ति की गई थी।



प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा 16 लाख के बिल का भुगतान करने के एवज में 46 हजार रुपए की डिमांड की जा रही थी। जिसके बाद राज किरण ने भ्रष्ट बीडीओ की शिकायत विशेष निगरानी इकाई से की थी। शिकायत दर्ज करने के बाद विशेष निगरानी इकाई ने जांच में आरोप को सही पाया और आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार करने के लिए पूर्णिया पहुंची।



आरोपी बीडीओ जैसे ही रिश्वत के 46 हजार रुपए शिकायतकर्ता से ले रहा था, तभी विशेष निगरानी इकाई की टीम ने धावा बोल दिया और उसे रिश्वत के रुपयों के साथ धर दबोचा। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद विशेष निगरानी इकाई की टीम उसे अपने साथ ले गई, जिसे निगरानी की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा।