1st Bihar Published by: SAURABH KUMAR Updated Jul 16, 2026, 8:57:28 PM
एक विवाह ऐसा भी - फ़ोटो सोशल मीडिया
SITAMARHI: सीतामढ़ी के सोनबरसा प्रखंड की वर्तमान उप प्रमुख अनु कुमारी ने अपने प्रेमी विमल कुमार के साथ शादी रचा ली। शादी के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
अनु कुमारी विशनपुर आधार गांव की रहने वाली हैं। उनके पति इंद्रजीत महतो की वर्ष 2019 में अररिया बाजार के पास गैंगवार में हत्या हुई थी। इंद्रजीत महतो कुख्यात इंदल महतो के भाई थे। इंदल महतो की भी पूर्व में गोली मारकर हत्या हो चुकी है। पति की मौत के बाद अनु कुमारी राजनीति में सक्रिय हुईं और वर्तमान में सोनबरसा प्रखंड की उप प्रमुख हैं।
शादी के बाद मामले ने नया मोड़ तब लिया जब इंद्रजीत महतो के पिता महेश महतो ने कन्हौली थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनकी बहू घर से सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर चली गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
कन्हौली थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

