Hindi News / crime / पटना सिटी के लापता डेकोरेटर कारोबारी का शव नरैना नदी से बरामद, परिजनों...

पटना सिटी के लापता डेकोरेटर कारोबारी का शव नरैना नदी से बरामद, परिजनों के बीच मचा कोहराम

पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी मनोज कुमार का शव फतुहा की नरैना नदी से बरामद हुआ। वह दो दिनों से लापता थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 15, 2026, 8:49:08 PM

बिहार न्यूज

इलाके में पसरा मातम - फ़ोटो सोशल मीडिया

PATNA: पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र स्थित नयागांव निवासी मनोज कुमार का शव फतुहा के नरैना नदी से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मनोज कुमार पिछले दो दिनों से लापता थे। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।


जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार टेंट, शामियाना और डेकोरेशन का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि वह 13 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद उनके लापता होने की सूचना आलमगंज थाना में दर्ज कराई गई थी।


इसी बीच उनकी स्कूटी फतुहा स्थित नरैना नदी के पास लावारिस हालत में मिली। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। बुधवार को मनोज कुमार का शव नरैना नदी से बरामद किया गया।


स्थानीय लोगों के अनुसार, मनोज कुमार बेहद मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे तथा इलाके में सभी से उनके अच्छे संबंध थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत का मामला है।

पटना से सूरज की रिपोर्ट