1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Jul 15, 2026, 10:37:59 PM
घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा - फ़ोटो रिपोर्टर
SAHARSA: बिहार के सहरसा जिले में डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर बुधवार को फिल्म शोले की तर्ज पर हाईवोल्टेज प्रदर्शन देखने को मिला। सत्तर कटैया प्रखंड के मेनहा गांव में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर बिजलपुर पंचायत के पूर्व मुखिया संजीव कुमार और गांव निवासी अधिवक्ता अरुण कुमार मोबाइल टॉवर पर चढ़ गए। दोनों करीब छह घंटे तक टॉवर पर डटे रहे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मेनहा गांव में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कॉलेज निर्माण के लिए पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसी से नाराज होकर दोनों प्रदर्शनकारी मोबाइल टॉवर पर चढ़ गए और मौके पर वरीय प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने-बुझाने और वार्ता का दौर चला। अधिकारियों ने उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोनों प्रदर्शनकारी सुरक्षित टॉवर से नीचे उतर आए।
इस अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन का कहना है कि डिग्री कॉलेज की मांग से संबंधित विषय पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।