Hindi News / bihar / madhepura-news / बिहार में शराबबंदी की खुली पोल? नशे में धुत ASI ने किया हंगामा,...

बिहार में शराबबंदी की खुली पोल? नशे में धुत ASI ने किया हंगामा, 2.30 घंटे तक चलता रहा ड्रामा; VIDEO वायरल

Bihar Police: मधेपुरा में शराबबंदी कानून के बीच एक पुलिस अधिकारी पर ही नियम तोड़ने का आरोप लगा है। नशे में हंगामा करने की सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एएसआई को हिरासत में लिया। मामले में जांच के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 15, 2026, 5:44:41 PM

बिहार में शराबबंदी की खुली पोल? नशे में धुत ASI ने किया हंगामा, 2.30 घंटे तक चलता रहा ड्रामा; VIDEO वायरल

- फ़ोटो

Bihar Police: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और सरकार लगातार इसे अपनी बड़ी उपलब्धियों में गिनाती रही है. लेकिन जब जमीनी हकीकत सामने आती है तो कई बार इस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो जाते हैं. आम नागरिक अगर शराब पीते हुए पकड़े जाते हैं तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है, लेकिन जब कानून के रखवाले ही शराबबंदी कानून की धज्जियां उड़ाते नजर आएं तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है.


ऐसा ही एक मामला मधेपुरा जिले से सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब आठ बजे ASI देवेंद्र ठाकुर मठाही चौक पर शराब के नशे में लोगों से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज कर रहे थे. स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो वह अपने सरकारी आवास पर चले गए, लेकिन लोगों का आक्रोश बढ़ता गया. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और करीब ढाई घंटे तक हंगामा चलता रहा.


ग्रामीणों का कहना था कि बिहार में आम नागरिकों को शराब पीने के आरोप में तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाता है, ऐसे में यदि पुलिसकर्मी ही शराबबंदी कानून का उल्लंघन करें तो उन पर भी समान कार्रवाई होनी चाहिए. लोगों ने मौके पर ही ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराने की मांग करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की.


इसी बीच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इसमें एएसआई देवेंद्र ठाकुर लोगों से माफी मांगते और मामले को शांत कराने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं. वहीं कुछ अन्य वीडियो में उनके द्वारा गाली-गलौज किए जाने की भी बात सामने आई है.


मामले की सूचना मिलते ही मधेपुरा एसपी संदीप सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया. उनके निर्देश पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एएसआई देवेंद्र ठाकुर को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई. जांच में उनके शरीर में 69/100 एमजी अल्कोहल मिलने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई.


बताया जा रहा है कि देवेंद्र ठाकुर का शंकरपुर थाना से तबादला हुआ था और उन्होंने मंगलवार को ही मठाही पुलिस शिविर में योगदान दिया था. उसी दिन रात में उनके खिलाफ शराब के नशे में हंगामा करने की शिकायत सामने आ गई.


घटना के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डायल-112 की टीम, सदर थाना पुलिस, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया गया.


एसपी संदीप सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें शिकायत सही पाई गई. मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि होने पर एएसआई देवेंद्र ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके विरुद्ध कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.