Hindi News / crime / मुजफ्फरपुर में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार रुपये घूस लेते पंचायत रोजगार...

मुजफ्फरपुर में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार रुपये घूस लेते पंचायत रोजगार सेवक रंगेहाथ गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर के सकरा प्रखंड की सिराजाबाद पंचायत में मनरेगा कार्य के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने वाले पंचायत रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Jul 15, 2026, 8:48:13 PM

बिहार न्यूज

हम नहीं सुधरेंगे! - फ़ोटो रिपोर्टर

MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिराजाबाद पंचायत के पंचायत रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पंचायत व्यवस्था और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, सिराजाबाद पंचायत के वार्ड संख्या-11 के वार्ड सदस्य आदित्य कुमार ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि मनरेगा योजना से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने और फाइलों के निष्पादन के एवज में पंचायत रोजगार सेवक द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।


शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया। तय योजना के तहत बुधवार को सकरा थाना क्षेत्र के सभा चौक स्थित पीआर मार्ट में जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को रिश्वत की राशि सौंपी, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।


गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे मुजफ्फरपुर स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में रिश्वतखोरी करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।