1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 11, 2026, 1:01:31 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र स्थित फुलकाही गांव में बुधवार देर रात एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 35 वर्षीय सरिता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सरिता देवी अपने दोनों बेटों और बड़ी बहन की बेटी के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित चप्पल-जूते की दुकान में सो रही थीं। देर रात किसी ने कमरे का दरवाजा खुलवाया और उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के नाबालिग बेटे ने बताया कि जब उसकी नींद खुली तो उसने अपनी मां को खून से लथपथ पाया। सरिता के दोनों बेटे सामान्यतः नरहिया स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रहते हैं, लेकिन गर्मी की छुट्टियों के कारण घर आए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, सरिता देवी रामकुमार साह की दूसरी पत्नी थीं। उनकी पहली पत्नी संगीता देवी, सरिता की सगी बड़ी बहन हैं। संगीता से रामकुमार साह के दो बेटियां और एक बेटा हैं, जबकि सरिता से दो बेटे हैं। पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक संबंधों और संपत्ति विवाद का इस हत्या से संबंध हो सकता है।
मृतका के पति रामकुमार साह सुपौल जिले के कुनौली में आइसक्रीम फैक्ट्री संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि पहली पत्नी संगीता देवी ने संपत्ति बंटवारे को लेकर अदालत में मामला दायर किया हुआ है। संगीता आधी-आधी हिस्सेदारी की मांग कर रही थीं, जबकि रामकुमार का कहना था कि तीन पुत्रों के आधार पर संपत्ति का बंटवारा तीन हिस्सों में होना चाहिए। इस मुद्दे को लेकर लंबे समय से परिवार में तनाव बना हुआ था।
जांच के दौरान एक और पहलू सामने आया है। मृतका के भाई गणेश कुमार, जो नरहिया के निवासी हैं, पहले रामकुमार साह की आइसक्रीम फैक्ट्री में काम करते थे। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले किसी विवाद के बाद उन्हें नौकरी से हटा दिया गया था। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद पुलिस ने रामकुमार साह और गणेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की साजिश, पारिवारिक विवाद और संपत्ति बंटवारे से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।