Hindi News / bihar / kishanganj-news / कल घर आई थी दुल्हन, आज उठ गई अर्थी! किशनगंज में ट्रैक्टर हादसे...

कल घर आई थी दुल्हन, आज उठ गई अर्थी! किशनगंज में ट्रैक्टर हादसे ने उजाड़ दिया सुहाग, जीजा-साला दोनों की दर्दनाक मौत

Bihar News: शादी की खुशियां अभी घर से गई भी नहीं थीं कि एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को मातम में डुबो दिया। दुल्हन की विदाई के महज एक दिन बाद ऐसा हादसा हुआ जिसने उसके सुहाग और मायके, दोनों की खुशियां छीन लीं। किशनगंज में हुए इस हादसे

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 11, 2026, 6:35:37 PM

कल घर आई थी दुल्हन, आज उठ गई अर्थी! किशनगंज में ट्रैक्टर हादसे ने उजाड़ दिया सुहाग, जीजा-साला दोनों की दर्दनाक मौत

- फ़ोटो AI

Bihar News: बिहार के किशनगंज जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिस घर में एक दिन पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अगले ही दिन मातम पसरा हुआ है. मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं पड़ा था कि एक नवविवाहिता का सुहाग उजड़ गया. इतना ही नहीं, इस दर्दनाक हादसे में उसका भाई भी जिंदगी की जंग हार गया. एक ही झटके में दुल्हन ने अपने पति और भाई दोनों को खो दिया.


यह हृदयविदारक हादसा गुरुवार सुबह बहादुरगंज-अररिया मुख्य सड़क एनएच-327 ई पर बहादुरगंज थाना क्षेत्र के पतलू चौक के पास हुआ. सड़क किनारे अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर पलट गया, जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान बिशनपुर पंचायत के वार्ड संख्या 4 निवासी 32 वर्षीय अकबर अली उर्फ चांद और उसके 18 वर्षीय साले साहिल के रूप में हुई है.


जानकारी के अनुसार अकबर अली पेशे से ट्रैक्टर चालक था और एक हार्डवेयर व्यवसायी का ट्रैक्टर चलाता था. बुधवार को ही वह सुपौल जिले के थुम्हा गांव से शादी कर अपनी दुल्हन को लेकर घर लौटा था. परिवार में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं. रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था और घर में नई जिंदगी की शुरुआत की तैयारियां चल रही थीं.


गुरुवार सुबह अकबर अली किसी जरूरी काम से ट्रैक्टर लेकर निकला. उसके साथ उसकी नई दुल्हन का भाई साहिल भी ट्रैक्टर पर सवार था, जो बहन की विदाई के बाद उसके साथ ही ससुराल आया हुआ था. किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर दोनों के लिए आखिरी साबित होगा.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पतलू चौक के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर चालक अकबर अली की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल साहिल को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी भी जान नहीं बच सकी.


हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया. नवविवाहिता की हालत सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है. एक तरफ पति की मौत का दर्द और दूसरी तरफ अपने भाई को खोने का सदमा, दोनों ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया है.


पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अकबर अली का शव उसके गांव बिशनपुर भेजा गया, जबकि साहिल का शव सुपौल स्थित उसके पैतृक गांव रवाना किया गया. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.