Hindi News / bihar / rohtas-news / चलती ट्रेन के बाथरूम से आई चीखें… युवती ने बाहर निकलते ही खोला...

चलती ट्रेन के बाथरूम से आई चीखें… युवती ने बाहर निकलते ही खोला ऐसा राज, सासाराम स्टेशन पर मच गया हड़कंप!

Bihar News: चलती ट्रेन में एक युवती के साथ हुई हैरान करने वाली घटना का खुलासा सासाराम स्टेशन पर हुआ, जहां स्टेशन के बाहर काफी देर तक हंगामा मचा रहा। युवती के शोर मचाने के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। मामले में पुलिस ने..

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 11, 2026, 7:28:07 PM

चलती ट्रेन के बाथरूम से आई चीखें… युवती ने बाहर निकलते ही खोला ऐसा राज, सासाराम स्टेशन पर मच गया हड़कंप!

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती ट्रेन में एक युवती को कथित तौर पर बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया. स्टेशन के बाहर काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. युवती ने आरोपी युवक पर जबरन रोकने, ट्रेन के बाथरूम में बंद करने और चाकू- ब्लेड दिखाकर धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया.


मिली जानकारी के अनुसार युवती और युवक दोनों आगरा से गया की ओर जा रही ट्रेन में सवार हुए थे. यात्रा के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई. युवती को प्रयागराज स्टेशन पर उतरना था, लेकिन आरोप है कि युवक ने उसे वहां उतरने नहीं दिया. युवती का कहना है कि आरोपी बार-बार उसे जबरन अपने साथ आगे ले जाने की कोशिश कर रहा था.


बताया जा रहा है कि ट्रेन जब पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन और उससे पहले अन्य स्टेशनों पर रुकी, तब भी युवक ने युवती को उतरने नहीं दिया. आरोप है कि उसने युवती को ट्रेन के शौचालय में बंद कर दिया ताकि वह किसी से मदद न मांग सके.


युवती ने पुलिस को बताया कि जब उसने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तब आरोपी ने कथित तौर पर चाकू और ब्लेड दिखाकर उसे डराया-धमकाया. डर और दबाव के कारण वह काफी देर तक चुप रही, लेकिन जैसे ही ट्रेन सासाराम स्टेशन पहुंची, उसने मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया.


यात्रियों ने युवती की आवाज सुनकर तत्काल हस्तक्षेप किया. उनकी मदद से युवती ट्रेन के बाथरूम से बाहर निकली और स्टेशन पर उतरकर भागी. इसके बाद आरोपी युवक भी उसके पीछे-पीछे स्टेशन से बाहर पहुंच गया.


स्टेशन के बाहर पहुंचने के बाद युवती ने हिम्मत दिखाई और लोगों की मौजूदगी में आरोपी का विरोध करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. युवती और युवक के बीच धक्का-मुक्की और बहस होने लगी. स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी.


सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुमित सिंह बताया. वह खुद को आगरा का निवासी बता रहा है. हालांकि युवती ने उसके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं.


पुलिस दोनों को थाने लेकर गई, जहां युवती का बयान दर्ज किया गया. युवती ने अपने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी है और उन्हें सासाराम बुलाया गया है. पुलिस युवती के आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.