1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 10, 2026, 8:03:30 PM
एकमा के कुलदीप ने बढ़ाया सारण का मान - फ़ोटो रिपोर्टर
CHAPRA: सारण जिले के एकमा प्रखंड अंतर्गत राजापुर बनारसी साह टोला निवासी कुलदीप कुमार ने बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) द्वारा आयोजित बिहार पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर 24वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे एकमा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कुलदीप के पिता वकील साह भारतीय रेलवे के टीआरडी विभाग में जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। उनके दादा दिल्ली स्थित उद्योग भवन से हेड क्लर्क पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। परिवार में शिक्षा और अनुशासन का माहौल रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव कुलदीप की पढ़ाई पर पड़ा। कुलदीप की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर अब तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालयों में हुई है। उन्होंने मुजफ्फरपुर और सोनपुर के केंद्रीय विद्यालयों में अध्ययन किया। परिवारजनों के अनुसार, कुलदीप शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं और अपनी सफलता के लिए प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक नियमित अध्ययन करते थे।
कुलदीप के चाचा सुशील कुमार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं, जबकि दूसरे चाचा कन्हैया कुमार बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ (सुधा) में प्रबंधक हैं। कुलदीप की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है। जदयू आदिवासी प्रकोष्ठ के बिहार प्रदेश मीडिया प्रभारी अखिलेश कुमार, वीरप्रकाश साह, विनोद कुमार गोंड़ तथा शिक्षक विजय साह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। कुलदीप की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि से एकमा प्रखंड के छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
छपरा रिपोर्टर पवन कुमार सिंह