1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 09, 2026, 4:07:43 PM
- फ़ोटो AI
Bihar Police News: बिहार के सीतामढ़ी जिले में हुए चर्चित सीएसपी संचालक हत्याकांड में फरार चल रहे दो शातिर अपराधियों को उत्तराखंड के ऋषिकेश में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई को सीतामढ़ी पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है. क्योंकि दोनों बदमाश लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे थे. आखिरकार तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस की गई और उत्तराखंड पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर उन्हें दबोच लिया गया.
जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अनवारूल हक उर्फ अनवर और आमिर के रूप में हुई है. दोनों पर सीतामढ़ी के नानपुर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक सुंदर की हत्या का आरोप है. पुलिस के अनुसार दोनों अपराधी हत्या के बाद बिहार छोड़कर उत्तराखंड भाग गए थे और ऋषिकेश में छिपकर रह रहे थे.
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात ऋषिकेश के दून मार्ग स्थित इंद्रमणि बडोनी चौक के पास पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने बैरिकेडिंग तोड़कर भागने की कोशिश की. जब पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कुल 15 राउंड गोलियां चलीं. बताया गया कि अपराधियों ने 7 राउंड फायरिंग की, जबकि पुलिस की ओर से 8 राउंड गोलियां चलाई गईं. आखिरकार पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी, जिसके बाद वे घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया.
गिरफ्तार दोनों अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां पुलिस सुरक्षा के बीच उनका उपचार चल रहा है. पुलिस अब उनसे पूछताछ कर उनके पूरे नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
गौरतलब है कि 17 मई की रात नानपुर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक सुंदर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था. ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था और पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था.जांच के दौरान पुलिस ने वसीम अख्तर, अनवारूल हक और आमिर की संलिप्तता उजागर की थी.इनमें से वसीम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि अनवार और आमिर फरार चल रहे थे.
सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने बताया कि दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी सीतामढ़ी पुलिस और उत्तराखंड पुलिस के बेहतर समन्वय का परिणाम है.उन्होंने कहा कि तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार निगरानी की जा रही थी. जैसे ही दोनों की सटीक लोकेशन मिली, उत्तराखंड पुलिस को इनपुट साझा किया गया और संयुक्त कार्रवाई में सफलता हासिल हुई.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों को जल्द ही ट्रांजिट रिमांड पर बिहार लाया जाएगा. जहां उनसे हत्या की साजिश, हथियार सप्लायर और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी.