1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Jun 30, 2026, 11:40:43 AM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के सहरसा में चोरों जमकर उत्पात मचाया है। सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कानू टोला में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। डॉक्टर उमेश भगत के घर में देर रात चोरी की नीयत से घुसे बदमाशों ने न केवल लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ किया, बल्कि बहादुरी से मुकाबला करने वाले उनके बेटे को हथियार के बट से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आसपास के लोगों द्वारा शोर मचाने के बाद चोर जल्दबाजी में अपना कट्टा और जिंदा कारतूस मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटना रात करीब 2:30 बजे की है, जब पूरा परिवार गहरी नींद में था। इसी दौरान चोरों ने घर में प्रवेश किया।
आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने घर के सदस्यों पर किसी स्प्रे का इस्तेमाल किया था। चोर जब चोरी की वारदात को अंजाम देकर सामान समेटकर भागने की फिराक में थे, तभी गृहस्वामी के 28 वर्षीय पुत्र ओमबाबू एक शादी समारोह से अपने घर लौटे। दरवाजा खुलवाने के दौरान ही बाहर निकल रहे चोरों से उनका आमना-सामना हो गया। ओमबाबू ने हिम्मत दिखाते हुए भाग रहे चोर को पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी हाथापाई शुरू हो गई।
खुद को घिरता देख बौखलाए चोर ने पास में मौजूद कट्टे के बट से ओमबाबू के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर मचने और ओमबाबू की बहादुरी के कारण चोर घबरा गए। हड़बड़ी में भागने के चक्कर में चोर अपना कट्टा और जिंदा कारतूस मौके पर ही छोड़ गए, लेकिन जाते-जाते लाखों रुपये के जेवरात और नकदी समेट ले गए।
चोरी गए सामानों में डॉ. उमेश भगत की मुरलीगंज निवासी पुत्री (जो शादी में शामिल होने आई थीं) के भी भारी मात्रा में कीमती जेवरात शामिल हैं। चोरी की गई कुल संपत्ति का सटीक आकलन किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल से चोरों का अवैध कट्टा और कारतूस जब्त कर लिया है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इधर, शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त की लचर व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।