1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 11, 2026, 9:30:16 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Police News: छपरा के गड़खा थाना में तैनात एएसआई मनीष कुमार को एक महिला के मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक एवं अशोभनीय मैसेज भेजने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में सारण पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय द्वारा आदेश जारी किया गया।
जानकारी के अनुसार, गड़खा थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने एसपी को भेजी गई अपनी रिपोर्ट में बताया कि थाना में कार्यरत एएसआई मनीष कुमार द्वारा एक महिला के मोबाइल नंबर पर कई संदेश भेजे गए थे। आरोप है कि इन संदेशों में महिला को भोजन के लिए बुलाने, पहचान बताने के साथ-साथ आपत्तिजनक और अश्लील प्रकृति की बातें भी लिखी गई थीं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद महिला और उसके परिजनों ने इसका विरोध जताते हुए पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत में कहा गया कि पुलिस पदाधिकारी के इस व्यवहार से विभाग की छवि धूमिल हुई है तथा थाना का कार्य वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गड़खा थाना में सनहा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष द्वारा समर्पित प्रतिवेदन के आधार पर एसपी ने प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए एएसआई मनीष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र निर्धारित किया गया है तथा उन्हें केवल जीवन-यापन भत्ता देय होगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को विभागीय आरोप-पत्र गठित कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा