1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 23, 2026, 6:09:58 PM
- फ़ोटो
Bihar News: सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग किशोरी को शादी के नाम पर राजस्थान में बेचने की कोशिश किए जाने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित किशोरी की उम्र लगभग 17 वर्ष बताई जा रही है। वह पहले अपने गांव के शक्ति-शांति एकेडमी में नौवीं कक्षा तक पढ़ाई कर चुकी है। किशोरी ने अपने बयान में कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनके बाद पूरा मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
बताया जाता है कि उसकी मां की मौत के बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद घर का माहौल बदल गया और किशोरी को सौतेली मां की प्रताड़ना झेलनी पड़ी। आरोप है कि उसे घर के कामों के साथ-साथ आसपास के घरों में सफाई जैसे काम भी करने के लिए मजबूर किया जाता था।
पीड़िता ने बताया कि करीब 10 से 12 दिन पहले उसके पिता और सौतेली मां ने उसकी मर्जी के बिना गांव के ही मंदिर में उसकी शादी उससे काफी अधिक उम्र के व्यक्ति से करवा दी। हालांकि शादी के बाद उसकी विदाई नहीं की गई और वह अपने घर पर ही रह रही थी।
इसी बीच उसे जानकारी मिली कि जिस व्यक्ति से उसकी शादी कराई गई है, उसका नाम सुनील ठाकुर है और वह राजस्थान के कोटा में रहता है। इसके बाद उसे यह भी पता चला कि जल्द ही उसे राजस्थान ले जाने की तैयारी की जा रही है।
इस बात की जानकारी मिलते ही किशोरी डर गई और उसे शक हुआ कि कहीं यह शादी के नाम पर किसी तरह की खरीद-फरोख्त की साजिश तो नहीं है। डर और घबराहट में वह घर से बिना किसी को बताए निकल गई और छपरा जंक्शन से ट्रेन पकड़कर सीधे नई दिल्ली पहुंच गई।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद वह काफी घबरा गई थी। इसी दौरान उसने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। वहां उसकी काउंसलिंग भी की गई, जहां उसने पूरी आपबीती बताई।
इधर, दिल्ली की एक सामाजिक संस्था बाल संरक्षण समिति ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी दिघवारा थाना पुलिस को दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस सक्रिय हुई और एसआई सुनीता कुमारी को दिल्ली भेजा गया, जहां किशोरी को औपचारिक रूप से संरक्षण में लेने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस अब किशोरी के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में कई गंभीर पहलू सामने आ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।