Hindi News / bihar / purvi-champaran / जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: यूपी से गिरफ्तार हुआ...

जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: यूपी से गिरफ्तार हुआ शराब तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड

Bihar Crime News: जहरीली शराब कांड के बाद पूर्वी चंपारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से एक फरार शराब माफिया को गिरफ्तार किया है. आरोपी लंबे समय से शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार..

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 07, 2026, 1:53:38 PM

जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: यूपी से गिरफ्तार हुआ शराब तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड

- फ़ोटो

Bihar Crime News: जहरीली शराब कांड के बाद पूर्वी चंपारण पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है. शराब तस्करों और माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोतिहारी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने उत्तर प्रदेश से एक बड़े शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया है, जो पूर्वी चंपारण में शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. गिरफ्तारी के बाद शराब तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और सहयोगियों की भी तलाश तेज कर दी गई है.


जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले में फरार शराब तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में डुमरियाघाट थाना पुलिस को सूचना मिली कि लंबे समय से फरार चल रहा एक आरोपी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर इलाके में छिपकर रह रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम गठित की गई और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई.


छापेमारी के दौरान डुमरियाघाट थाना कांड संख्या-105/25 में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत वांछित अभियुक्त आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के भालुही गांव का निवासी है. पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और पूर्वी चंपारण में अवैध शराब की आपूर्ति में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी चुनौती बनी हुई थी. हालांकि तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे आखिरकार दबोच लिया.


बताया जा रहा है कि जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस ने शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज कर दी है. इससे पहले भी पुलिस दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर कई फरार तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं शराब कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर कुर्की की कार्रवाई भी की जा रही है.


पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि जिले में सक्रिय अन्य शराब कारोबारियों और उनके संपर्कों की जानकारी जुटाई जा सके.