1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 20, 2026, 12:14:31 PM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इलाके के वीरता चौक पर स्थित एक मोबाइल टावर से युवक का शव लटका मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सुबह-सुबह जैसे ही लोगों की नजर करीब 60 फीट ऊंचे टावर पर पड़ी, वहां एक युवक का शव फंदे से लटका दिखाई दिया।
मृतक की पहचान वीरता चौक निवासी हैदर मियां के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि हैदर का परिवार मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से घोड़ासहन के वीरता चौक पर रहकर मजदूरी कर अपना जीवनयापन कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक के पिता मजदूरी करते हैं और परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है।
परिजनों ने बताया कि हैदर पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान और तनाव में चल रहा था। हालांकि उसकी परेशानी की वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। परिवार वालों के मुताबिक बुधवार अहले सुबह करीब तीन बजे वह घर से निकला था। इसके बाद काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी। सुबह होने पर उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कुछ ही देर बाद गांव के लोगों ने मोबाइल टावर पर एक शव लटका देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि शव हैदर मियां का ही है।
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। कई लोग इस घटना को आत्महत्या मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों के बीच दूसरी आशंकाओं को लेकर भी चर्चा हो रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
सूचना मिलने के बाद घोड़ासहन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को मोबाइल टावर से नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। युवक ने आत्महत्या की है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।