Hindi News / politics / चुनाव में महिलाओं से किए बड़े-बड़े वादे, अब सवालों के घेरे में सरकार;...

चुनाव में महिलाओं से किए बड़े-बड़े वादे, अब सवालों के घेरे में सरकार; वीआईपी ने खोला मोर्चा

बिहार में महिलाओं से जुड़े चुनावी वादों को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। एक पार्टी ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि चुनाव के समय किए गए बड़े वादे अब पूरे नहीं किए जा रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और जनता के बीच

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 20, 2026, 1:37:58 PM

चुनाव में महिलाओं से किए बड़े-बड़े वादे, अब सवालों के घेरे में सरकार; वीआईपी ने खोला मोर्चा

- फ़ोटो

बिहार में महिलाओं से किए गए चुनावी वादों को लेकर विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने एनडीए सरकार पर बड़ा हमला बोला है। पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को आर्थिक सहायता और आत्मनिर्भर बनाने के नाम पर बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन चुनाव खत्म होते ही सरकार अपने वादों से पीछे हट गई।


देव ज्योति ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय एनडीए नेताओं ने प्रदेश की महिलाओं को 10 हजार रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की थी। साथ ही यह भरोसा भी दिलाया गया था कि आगे चलकर महिलाओं को दो लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें। लेकिन चुनाव खत्म हुए छह महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी सरकार की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान गांव-गांव और पंचायत-पंचायत में महिलाओं से बड़े वादे किए गए। महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक मजबूती के सपने दिखाए गए, लेकिन अब सरकार पूरी तरह चुप्पी साधे बैठी है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के इस दौर में महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं, लेकिन सरकार सिर्फ घोषणाओं और प्रचार तक सीमित होकर रह गई है।


वीआईपी नेता ने कहा कि महिलाओं ने सरकार पर भरोसा कर वोट दिया था, लेकिन अब वही महिलाएं खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार जल्द ही अपने वादों को पूरा नहीं करती है, तो विकासशील इंसान पार्टी राज्यभर में आंदोलन करेगी और महिलाओं के अधिकार की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी।


देव ज्योति ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को लेकर सरकार स्पष्ट समयसीमा घोषित करे और महिलाओं को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए।