Hindi News / bihar / araria-news / Bihar News : 16 वर्षीय छात्र का अपहरण, 2 लाख फिरौती की मांग...

Bihar News : 16 वर्षीय छात्र का अपहरण, 2 लाख फिरौती की मांग और फिर बेरहमी से हत्या; घटना से इलाके में दहशत

अररिया में 16 वर्षीय छात्र विशाल महतो के अपहरण के बाद हत्या से सनसनी फैल गई है। अपराधियों ने 2 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। बुधवार सुबह छात्र का खून से लथपथ शव बेलबाड़ी बहियार से बरामद हुआ, जिसके बाद इलाके में दहशत और आक्रोश है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 20, 2026, 12:25:43 PM

Bihar News : 16 वर्षीय छात्र का अपहरण, 2 लाख फिरौती की मांग और फिर बेरहमी से हत्या; घटना से इलाके में दहशत

- फ़ोटो

Bihar News : अररिया जिले में अपराधियों ने एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है। पलासी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र का पहले अपहरण किया गया, फिर दो लाख रुपये की फिरौती मांगी गई और आखिरकार उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उसका खून से सना शव गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर बेलबाड़ी बहियार से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


मृतक की पहचान कनखुदिया गांव निवासी विशाल कुमार महतो के रूप में हुई है। वह छोटे किसान श्रीलाल महतो का बेटा था और उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय करोड़ दिघली में दसवीं कक्षा का छात्र था। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम करीब पांच बजे विशाल किसी काम से कनखुनिया चौक गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने उसके मोबाइल पर लगातार कॉल किया, लेकिन फोन बंद आने से चिंता बढ़ गई। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।


इसी बीच सोमवार देर शाम पंजाब में काम कर रहे विशाल के बड़े भाई राजा महतो के मोबाइल पर एक व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले बदमाशों ने विशाल के अपहरण की बात कही और उसे सुरक्षित छोड़ने के बदले दो लाख रुपये की फिरौती की मांग की। परिवार के लोग उस नंबर पर संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन मोबाइल बंद मिला।


मंगलवार को विशाल की मां ममता देवी ने पलासी थाना पहुंचकर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी थी। परिजन उम्मीद लगाए बैठे थे कि शायद फिरौती देकर बेटे की जान बच जाए, लेकिन बुधवार सुबह उनकी उम्मीदें टूट गईं।


स्थानीय लोगों ने बेलबाड़ी बहियार में एक किशोर का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव की पहचान कराई तो वह विशाल निकला। शव खून से लथपथ था और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे जख्म मिले। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने बेहद बेरहमी से उसकी हत्या की है।


घटना की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। मां ममता देवी बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं। परिवार के अन्य सदस्य भी बदहवास नजर आए। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इलाके में अपराध लगातार बढ़ रहा है और पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है।


पलासी थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि अपहरण की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही थी। बुधवार सुबह बेलबाड़ी बहियार से विशाल का शव बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया गया है।


पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिरौती मांगने वाले व्हाट्सएप नंबर की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दावा किया है कि बहुत जल्द हत्या के पीछे की वजह का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस जघन्य हत्या के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।