Hindi News / bihar / patna-news / Bihar News : मोकामा विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह की...

Bihar News : मोकामा विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह की बढ़ी मुश्किलें, वायरल हथियार वीडियो मामले में कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित

मोकामा विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह के खिलाफ वायरल हथियार वीडियो मामले में कोर्ट में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 20, 2026, 11:46:06 AM

Bihar News : मोकामा विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह की बढ़ी मुश्किलें, वायरल हथियार वीडियो मामले में कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित

- फ़ोटो

Bihar News : गोपालगंज में मोकामा के जदयू विधायक Anant Singh और भोजपुरी गायक Gunjan Singh से जुड़े चर्चित मामले में बुधवार को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अग्रिम जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस वीडियो से जुड़ा है, जिसमें कथित तौर पर हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील डांस कार्यक्रम दिखाई दिया था।


जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक जनेऊ समारोह में विधायक अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। कार्यक्रम में भोजपुरी गायक गुंजन सिंह भी मौजूद थे। इसी दौरान हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम के कुछ वीडियो 2 और 3 मई को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। वीडियो में कुछ लोग हथियार लहराते और डांसरों के साथ ठुमके लगाते नजर आए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की थी।


इस मामले की सुनवाई जिला जज राजेंद्र पांडेय की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में हुई। बचाव पक्ष की ओर से पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता नरेश दीक्षित समेत कई वकीलों ने अदालत में दलील पेश की। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और यह पूरी तरह राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। बचाव पक्ष ने कोर्ट को बताया कि जिस वीडियो में विधायक अनंत सिंह दिखाई दे रहे हैं, उसमें कहीं भी अश्लील नृत्य या मुजरा नहीं हो रहा है। वकीलों का कहना था कि अनंत सिंह को जानबूझकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।


बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि जिन वीडियो में अश्लील गानों पर डांस दिख रहा है, उनमें विधायक मौजूद नहीं थे। वहीं भोजपुरी गायक गुंजन सिंह की मौजूदगी को लेकर भी पक्षकारों ने कहा कि वे केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे और किसी गैरकानूनी गतिविधि से उनका कोई संबंध नहीं है।


दूसरी ओर अभियोजन पक्ष ने अदालत में दावा किया कि वायरल वीडियो में कई लोग खुलेआम हथियार लहराते दिखाई दे रहे हैं। जिला लोक अभियोजक देव वंश गिरी उर्फ भानु गिरी ने कोर्ट को बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और उसमें दिख रहे हथियार प्रतिबंधित हो सकते हैं। पुलिस ने वीडियो को फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल जांच के लिए भेजा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वीडियो असली है या एडिटेड और उसमें दिख रहे हथियार लाइसेंसी हैं या प्रतिबंधित।


पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने भी मामले को गंभीर बताते हुए जांच तेज करने का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और धाराओं को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। फिलहाल पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है।


इस मामले में केवल विधायक अनंत सिंह और गायक गुंजन सिंह ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। मीरगंज थाने में दर्ज कांड संख्या 247/26 में सेमराव गांव निवासी गुड्डू राय उर्फ अमरेश राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशु राय, सौरव कुमार राय उर्फ टिकोरी राय, विशाल राय, मांझा के सुनील यादव सहित कई अज्ञात हथियारबंद समर्थकों को नामजद किया गया है। पुलिस ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम के दौरान अश्लील नृत्य कराया गया और उसका वीडियो इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्रसारित किया गया, जो कानून का उल्लंघन है।


वायरल वीडियो को लेकर इलाके में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हैं। विरोधी दल जहां इस मामले को लेकर जदयू विधायक पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं समर्थक इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं। अब सबकी नजरें कोर्ट के फैसले और एफएसएल रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई गई गतिविधियां कितनी गंभीर और कानूनन अपराध की श्रेणी में आती हैं।