1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 11, 2026, 1:19:32 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: बिहार में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पूर्वी चंपारण जिले के पताही प्रखंड अंतर्गत सरैयागोपाल गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी सड़क की जमीन पर किए गए 13 अवैध कब्जों को हटाया।
गुरुवार को अंचलाधिकारी नाजनी अकरम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ गांव पहुंची। कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि पर बने पक्के मकान, एस्बेस्टस शेड और खपरैल के घरों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जानकारी के अनुसार, सरकारी सड़क की जमीन पर अतिक्रमण को लेकर पिछले करीब 10 वर्षों से विवाद चल रहा था। इस मामले में कई बार पंचायत और समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन कब्जाधारियों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद वर्ष 2021-22 में अंचल कार्यालय में मामला दर्ज किया गया था।
प्रशासन का कहना है कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने और संबंधित पक्षों को पूर्व सूचना देने के बाद यह कार्रवाई की गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अतिक्रमण हटाकर सड़क को पूरी तरह खाली कराया गया है।
इस कार्रवाई के बाद वर्षों से अवरुद्ध सरकारी सड़क आम लोगों के लिए फिर से खुल गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क को अतिक्रमण मुक्त किए जाने पर संतोष जताया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी