1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 11, 2026, 7:02:13 PM
अंतिम दिनों में ऐसे करें तैयारी - फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA: Re-NEET 2026 की परीक्षा अब बेहद करीब है। ऐसे समय में अधिकांश छात्र तनाव और असमंजस की स्थिति से गुजरते हैं। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा के अंतिम दिनों में घबराहट नहीं, बल्कि सही रणनीति और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी होती है। इसी को लेकर GOAL Institute के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक बिपिन सिंह ने छात्र-छात्राओं के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए हैं।
GOAL Institute के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक बिपिन सिंह ने छात्रों से कहा कि Re-NEET 2026 अब अत्यंत निकट है। ऐसे समय में घबराहट नहीं, बल्कि सही रणनीति आपकी सफलता तय करेगी। पिछले 28 वर्षों के अनुभव के आधार पर विद्यार्थियों के लिए मेरे कुछ महत्वपूर्ण सुझाव हैं—
1. नया पढ़ने की गलती न करें
अंतिम दिनों में किसी नए चैप्टर या नए स्रोत के पीछे भागने के बजाय केवल NCERT, अपने क्लास नोट्स और पहले से पढ़े हुए विषयों का रिवीजन करें।
2. NCERT को बनाएं अपना सबसे बड़ा हथियार
विशेषकर Biology और Chemistry में NCERT की प्रत्येक पंक्ति, तालिका, चित्र एवं तथ्य को बार-बार दोहराएं। NEET में सफलता का सबसे मजबूत आधार NCERT ही है।
3. गलतियों की कॉपी तैयार करें
पिछले टेस्ट में हुई गलतियों को एक अलग नोटबुक में लिखें और प्रतिदिन उसका पुनरावलोकन करें। वही गलती दोबारा न करना ही वास्तविक प्रगति है।
4. रोज़ परीक्षा जैसा अभ्यास करें
प्रतिदिन समयबद्ध तरीके से Full Length Test या प्रश्नपत्र हल करें। इससे आपकी गति, सटीकता और आत्मविश्वास तीनों बढ़ेंगे।
5. समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें
परीक्षा में प्रश्नों का चयन और समय का सही उपयोग उतना ही महत्वपूर्ण है जितना ज्ञान। पहले आसान और निश्चित प्रश्नों को हल करें।
6. सोशल मीडिया से दूरी बनाएं
अफवाहों, कट-ऑफ चर्चाओं और अनावश्यक तुलना से बचें। आपकी प्रतियोगिता किसी और से नहीं, स्वयं से है।
7. मानसिक संतुलन बनाए रखें
तनाव, भय और नकारात्मकता प्रदर्शन को प्रभावित करते हैं। सकारात्मक सोच रखें और अपने परिश्रम पर विश्वास करें।
8. स्वास्थ्य को नज़रअंदाज़ न करें
पर्याप्त नींद लें, संतुलित भोजन करें और पानी पर्याप्त मात्रा में पिएं। स्वस्थ शरीर ही परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकता है।
9. रैंक नहीं, प्रदर्शन पर ध्यान दें
कट-ऑफ और संभावित रैंक की गणना में समय न गंवाएं। आपका लक्ष्य केवल अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होना चाहिए।
10. स्वयं पर विश्वास रखें
Re-NEET आपके लिए दूसरा अवसर नहीं, बल्कि बेहतर अवसर है। यदि आपने पूरे वर्ष ईमानदारी से तैयारी की है तो सफलता निश्चित रूप से आपके कदम चूमेगी। बिपिन सर ने कहा कि "अंतिम दिनों में घबराने वाले नहीं, बल्कि स्वयं पर विश्वास रखने वाले विद्यार्थी इतिहास रचते हैं।"