Hindi News / bihar / patna-news / Bihar News: पवन सिंह की संपत्ति 19 करोड़ रुपये से अधिक, कई लग्जरी...

Bihar News: पवन सिंह की संपत्ति 19 करोड़ रुपये से अधिक, कई लग्जरी गाड़ियों के मालिक; छह मामले भी हैं लंबित

भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह के चुनावी हलफनामे में 19 करोड़ से अधिक की संपत्ति, लग्जरी गाड़ियां, 2.34 करोड़ का कर्ज और 6 लंबित मामलों का खुलासा।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 09, 2026, 6:41:38 AM

Pawan Singh

Pawan Singh - फ़ोटो File photo

Bihar News: भोजपुरी फिल्म जगत के चर्चित अभिनेता और भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह की संपत्ति और देनदारियों का विवरण चुनावी हलफनामे के जरिए सामने आया है। हलफनामे के अनुसार उनके पास करोड़ों रुपये की चल और अचल संपत्ति है। इसके साथ ही उनके खिलाफ कुछ आपराधिक मामले भी लंबित हैं, हालांकि किसी भी मामले में अभी तक उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है।


चुनावी दस्तावेजों के मुताबिक पवन सिंह के पास लगभग 6.44 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और करीब 13 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इस प्रकार उनकी कुल घोषित संपत्ति 19 करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं उन पर विभिन्न बैंकों का लगभग 2.34 करोड़ रुपये का कर्ज भी बकाया है। अभी भी कागज में ज्योति सिंह भाजपा के MLC कैंडिडेट पवन सिंह की पत्नी हैं। अपने शपथ पत्र में पवन ने ज्योति को पत्नी बताया है। दोनों के तलाक का मामला कोर्ट में है। 


भोजपुरी सिनेमा में “पावर स्टार” के नाम से मशहूर पवन सिंह को लग्जरी और आधुनिक वाहनों का शौक है। उनके वाहन संग्रह में कई महंगी एसयूवी और अन्य वाहन शामिल हैं। हलफनामे के अनुसार उनके पास टोयोटा फॉर्च्यूनर, टोयोटा लीजेंडर, लैंड क्रूजर, महिंद्रा थार, स्कॉर्पियो नियो और एक सुजुकी स्कूटी है। उनके स्वामित्व वाले वाहनों की कुल कीमत लगभग 3.83 करोड़ रुपये बताई गई है।


नकदी और बैंक जमा की बात करें तो पवन सिंह के पास 50 हजार रुपये नकद हैं, जबकि विभिन्न बैंक खातों में करीब 1.64 करोड़ रुपये जमा हैं। इसके अलावा उन्होंने सोने और चांदी में भी निवेश किया हुआ है। हलफनामे के मुताबिक उनके पास लगभग 70 लाख रुपये मूल्य का सोना और करीब 28 हजार रुपये मूल्य की चांदी है।


अचल संपत्ति के मामले में भी पवन सिंह की स्थिति मजबूत दिखाई देती है। उनके पास आरा, पटना, लखनऊ और मुंबई में जमीन, फ्लैट और व्यावसायिक भवन जैसी संपत्तियां हैं। इन अचल संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 13 करोड़ रुपये बताया गया है।


संपत्ति के साथ-साथ उनके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी भी हलफनामे में दी गई है। पवन सिंह पर कुल छह आपराधिक मामले लंबित हैं। हालांकि अभी तक किसी भी मामले में अदालत द्वारा आरोप तय नहीं किए गए हैं और न ही उन्हें किसी मामले में दोषी करार दिया गया है।


इन मामलों में अकोढ़ी गोला, बिक्रमगंज, काराकाट और राजपुर क्षेत्रों में दर्ज आचार संहिता उल्लंघन से जुड़े चार मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मुंबई के मालवानी पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शारीरिक शोषण और आईटी एक्ट से संबंधित एक मामला दर्ज है। वहीं वाराणसी के कैंट थाना में धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ा एक अन्य मामला भी लंबित है।


इधर, नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी नहीं की है। उन्होंने 8 में से 5 सेमेस्टर पूरे किए हैं। ललन सिंह ने निशांत को पटना के पॉश इलाके शास्त्री नगर में स्थित शिव राधिका कॉम्प्लेक्स में आलीशान फ्लैट गिफ्ट किया था। यह बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर स्थित है। 2,160 वर्ग फीट के इस घर की वैल्यू लगभग 91 लाख रुपए आंकी गई थी। निशांत ने अपने शपथ पत्र में इसका जिक्र किया है। सबसे धनवान प्रत्याशी की बात करें तो राजद के सुनील कुमार सिंह हैं। वह 54 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। उनकी पत्नी के पास 2.5 किलोग्राम सोना और 35 किलो चांदी के गहने हैं।