PATNA: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के खिलाफ जन सुराज पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया और उनके आवास का घेराव कर दिया। पटना में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के खिलाफ हल्ला बोलने सड़क पर उतरे जन सुराज के कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए मंत्री के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती पहले से की गई थी।
पुलिस ने जन सुराज के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया। जन सुराज के कार्यकर्ताओं को मंगल पांडेय के आवास के पास से हटाने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। जन सुराज के कार्यकर्ता स्वास्थ्य मंत्री को पद से हटाए जाने की मांग कर रहे थे।
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी रेप कांड मामले में पीड़िता की मौत के बाद जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि पीएमसीएच में पीड़िता का सही समय पर इलाज नहीं हुआ जिसके कारण उसकी मौत हो गयी। पीड़िता की मौत के बाद जन सुराज पार्टी ने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। जन सुराज पार्टी ने बिहार में खराब स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री के आवास का घेराव करने पहुंचे जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, उपाध्यक्ष ललनजी, पूर्व विधायक किशोर कुमार सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ता को पुलिस ने हिरासत में लिया। हिरासत में लिये गये जनसुराज के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस थाने पर ले गयी है। जहां पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। वही जनसुराज के नेता स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय से इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं।





