Hindi News / bihar / patna-news / पटना के एशियन सिटी हॉस्पिटल में ITBP जवान की संदिग्ध मौत, छत से...

पटना के एशियन सिटी हॉस्पिटल में ITBP जवान की संदिग्ध मौत, छत से गिरने या छलांग की आशंका

Patna News: पटना के एशियन सिटी हॉस्पिटल में ITBP जवान विजय सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और FSL टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 07, 2026, 3:54:18 PM

Patna News

- फ़ोटो Reporter

Patna News: राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित एशियन सिटी हॉस्पिटल में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


मृतक की पहचान विजय सिंह (44) के रूप में हुई है, जो राजस्थान के भरतपुर जिले के निवासी थे और ITBP में तैनात थे। वह वर्तमान में जलालपुर कैंप में पदस्थापित थे। जानकारी के अनुसार, 3 जून को तबीयत खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए एशियन सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था।


प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रविवार को विजय सिंह अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित वॉशरूम गए थे। बताया जा रहा है कि वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। इसी दौरान उनके गिरने या छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और अस्पताल स्टाफ से पूछताछ भी जारी है।


फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और मामला स्पष्ट हो पाएगा।