1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 09, 2026, 6:21:32 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: मुजफ्फरपुर अग्निकांड के बाद बिहार अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गयाजी में भी फायर सेफ्टी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अस्पतालों और होटलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। फायर विभाग ने 42 संस्थानों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है।
गयाजी जिला अग्निशमन पदाधिकारी अमन कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर बताया कि जनहानि और संपत्ति के नुकसान को रोकने के उद्देश्य से जिलेभर में विशेष फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले चरण में अस्पतालों और होटलों की जांच की जा रही है।
अब तक जिले के 73 अस्पतालों और 86 होटलों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया जा चुका है। जांच के दौरान 42 अस्पताल और होटल ऐसे पाए गए, जहां अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन नहीं हो रहा था। इन सभी संस्थानों को प्रपत्र-‘स’ के माध्यम से नोटिस जारी करते हुए निर्धारित अवधि के भीतर फायर एनओसी प्राप्त करने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
अग्निशमन पदाधिकारी अमन कुमार सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी कि समय सीमा के भीतर नियमों का अनुपालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर भवनों को सील भी किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा बेहद महत्वपूर्ण विषय है। आने वाले दिनों में सिनेमा हॉल, अपार्टमेंट, पेट्रोल पंप और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों का भी फायर सेफ्टी ऑडिट किया जाएगा।
रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी