1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 09, 2026, 6:52:52 PM
- फ़ोटो
Bihar News: गया जिले के बेलागंज से शादी के नाम पर कथित ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. राजस्थान से सपनों की बारात लेकर पहुंचे दूल्हे को क्या पता था कि सात फेरों के कुछ घंटों बाद ही उसकी नई-नवेली दुल्हन और पूरा ससुराल परिवार गायब हो जाएगा. सुबह विदाई की तैयारी चल रही थी, लेकिन जब दूल्हा दुल्हन के घर पहुंचा तो वहां ताला लटका मिला और पूरा परिवार नकदी व जेवर लेकर फरार हो चुका था.
बताया जा रहा है कि राजस्थान के टोंक जिले निवासी संजय पटवा बड़े अरमानों के साथ बारात लेकर गया जी के बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव पहुंचे थे. रातभर शादी की रस्में धूमधाम से चलीं. शहनाई बजी, जयमाला हुई, सात फेरे लिए गए और दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें भी खाईं. दूल्हा पक्ष का आरोप है कि शादी से पहले तय शर्तों के अनुसार दुल्हन पक्ष को मोटी रकम भी दी गई थी.
पीड़ित दूल्हे के मुताबिक उसने दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल, अन्य जेवरात और महंगे कपड़े दिए थे. इतना ही नहीं, दुल्हन पक्ष के बताए गए मोबाइल नंबर पर 1 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए गए थे. शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा और बाराती रात में आराम करने चले गए, क्योंकि सुबह दुल्हन की विदाई तय थी.
लेकिन अगली सुबह जो हुआ उसने पूरे मामले को रहस्यमयी बना दिया.जब दूल्हा पक्ष विदाई के लिए दुल्हन के घर पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए. घर के मुख्य दरवाजे पर बड़ा ताला लटका हुआ था. आसपास के लोगों ने बताया कि देर रात या तड़के सुबह दुल्हन समेत पूरा परिवार घर छोड़कर चला गया.
दूल्हे और उसके परिजनों ने जब आसपास खोजबीन की तो पता चला कि घर के सभी सदस्य, रिश्तेदार और खुद दुल्हन भी गायब हैं. आरोप है कि परिवार अपने साथ नकदी, जेवरात और शादी में मिले कीमती सामान भी ले गया. कुछ ही देर में शादी की खुशियां मातम और हंगामे में बदल गईं.
खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे दूल्हे ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ बेलागंज थाना पहुंचा और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. दूल्हे का आरोप है कि यह एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें शादी के नाम पर उससे लाखों रुपये और कीमती सामान ऐंठ लिया गया.
मामले को लेकर बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. ऑनलाइन ट्रांसफर की गई रकम, मोबाइल नंबर, दुल्हन और उसके परिजनों की पहचान समेत कई बिंदुओं पर पड़ताल शुरू कर दी गई है. जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.