1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 12, 2026, 6:10:52 PM
- फ़ोटो
Bihar Road Accident: बिहार के बेगूसराय जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया है. पटना से प्रशिक्षण लेकर वापस मधेपुरा लौट रहे तीन थानाध्यक्षों और उनके चालक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. इस घटना के बाद मधेपुरा पुलिस महकमे समेत मृतकों के परिवारों और इलाके में शोक की लहर फैल गई.
मृतकों की पहचान मधेपुरा जिले के रतवारा थाना अध्यक्ष सजन कुमार पासवान, अरार थाना अध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र और बेलारी थाना अध्यक्ष नीरज कुमार के रूप में हुई है. वहीं हादसे में वाहन चालक की भी जान चली गई.
जानकारी के अनुसार तीनों थानाध्यक्ष पटना स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी लोग एक वाहन से वापस मधेपुरा के लिए रवाना हुए थे. इसी दौरान बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. लेकिन तब तक तीनों पुलिस अधिकारियों और चालक की मौत हो चुकी थी.
घटना की सूचना जैसे ही मधेपुरा पहुंची, पुलिस विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई. उनके साथी पुलिसकर्मी अपने सहयोगियों की मौत की खबर सुनकर भावुक हो उठे. मृत अधिकारियों के परिवारों पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
पोस्टमार्टम और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मृत अधिकारियों के पार्थिव शरीर को उनके परिजनों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विदाई दी गई. इस दौरान पुलिस जवानों, अधिकारियों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की आंखें नम थीं. हर कोई अपने कर्तव्यनिष्ठ साथियों को याद कर भावुक नजर आया.
मृतक थानाध्यक्ष सजन कुमार पासवान, अमरेंद्र ज्ञानेंद्र और नीरज कुमार के साथ काम कर चुके पुलिसकर्मियों ने कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी. अचानक हुई इस घटना से पुलिस परिवार को गहरा आघात पहुंचा है.
मधेपुरा पुलिस अधीक्षक ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि विभाग ने अपने तीन कर्मठ अधिकारियों को खो दिया है. मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.