1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 10, 2026, 2:12:11 PM
- फ़ोटो Google
Thalapathy Vijay: तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री पद संभालते ही विजय ने अपने चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर किए।
इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल के गठन संबंधी फाइल को भी मंजूरी दी। शपथ ग्रहण के बाद जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि तमिलनाडु में “वास्तविक धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय” पर आधारित शासन के नए युग की शुरुआत हो चुकी है।
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि वह किसी राजनीतिक या शाही परिवार से नहीं आते, फिर भी जनता ने उन पर भरोसा जताया और स्वीकार किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार में सत्ता का कोई दूसरा केंद्र नहीं होगा और वही एकमात्र निर्णय लेने वाले केंद्र होंगे।
विजय ने सरकार गठन में समर्थन देने के लिए कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और वाम दलों का धन्यवाद किया। उन्होंने बच्चों का विशेष रूप से आभार जताते हुए कहा कि टीवीके की जीत में उनकी अहम भूमिका रही, क्योंकि बच्चों ने अपने परिवारों को पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी।