1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 08, 2026, 8:01:18 PM
गोपालगंज में अतिक्रमण हटाओ अभियान - फ़ोटो रिपोर्टर
GOPALGANJ: गोपालगंज में जिला प्रशासन ने सरकारी जमीन पर वर्षों से किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर शुक्ल गांव में बुधवार को अभियान चलाकर करीब दो बीघा 12 कट्ठा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन का कहना है कि इस जमीन पर अब पंचायत सरकार भवन, विवाह भवन और अन्य सरकारी योजनाओं का निर्माण कराया जाएगा।
सदर अंचलाधिकारी रजत कुमार वर्णवाल के नेतृत्व में जादोपुर शुक्ल गांव में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान जादोपुर थाना पुलिस और बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में दो जेसीबी मशीनों की मदद से सरकारी भूमि पर बने आधा दर्जन से अधिक मकानों और झोपड़ियों को हटाया गया। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
सदर एसडीएम अनिल कुमार ने बताया कि जिस सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है, वहां पंचायत भवन, पंचायत सरकार भवन, विवाह भवन और प्राथमिक अस्पताल के निर्माण की योजना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा इस भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया था, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने, नोटिस जारी करने और पूर्व सूचना देने के बाद ही यह कार्रवाई की गई।
यह भूमि सरकार की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए चिन्हित है। उन्होंने कहा कि सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद निर्धारित तिथि पर अतिक्रमण हटाया गया है, ताकि यहां पंचायत सरकार भवन और विवाह भवन सहित अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट