1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 08, 2026, 6:39:05 PM
दिल्ली में बड़ा हादसा - फ़ोटो Google
Delhi Building Collapse: दिल्ली में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रोहिणी इलाके में बड़ा हादसा हो गया। रोहिणी सेक्टर-16 में एक निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि बचाव दल ने अब तक कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली फायर सर्विस को शाम करीब 4:20 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की चार गाड़ियां तत्काल घटनास्थल पर भेजी गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों ने भी हादसे के तुरंत बाद बचाव कार्य में सहयोग किया और पुलिस व जिला प्रशासन को सूचना दी। फिलहाल मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। आशंका है कि अभी भी कई लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। घायलों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराने के लिए आसपास के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।
पुलिस, दमकल कर्मी और राहत दल स्थानीय लोगों की मदद से सावधानीपूर्वक मलबा हटाकर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल इमारत गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।