1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 07, 2026, 11:58:35 AM
- फ़ोटो
Vijay Thalapathy News: साउथ सुपरस्टार थलापति विजय को लेकर फैंस की दीवानगी किसी से छिपी नहीं है, लेकिन इस बार चेन्नई से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विजय का एक जबरा फैन उनके घर के बाहर पहुंचकर फूल चढ़ाता, हाथ जोड़कर प्रार्थना करता और फिर फूट-फूटकर रोता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो विजय के चेन्नई स्थित घर के बाहर का है। वायरल क्लिप में फैन घर के बाहर जमीन पर फूल बिखेरता नजर आता है। वह कभी हाथ जोड़ता है, कभी घर की दीवार को छूकर सिर झुकाता है और फिर भावुक होकर रोने लगता है। आसपास मौजूद लोग भी उसकी हालत देखकर हैरान रह गए।
मीडिया से बातचीत के दौरान फैन ने कहा कि उसे पूरा भरोसा है कि विजय एक दिन तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जरूर बनेंगे। उसने कहा, “उनके रास्ते में कितनी भी मुश्किलें आएं, वह आगे बढ़ेंगे। मुझे दुख इस बात का है कि उनके घर के बाहर पर्याप्त सुरक्षा तक नहीं है।”
वीडियो में फैन यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि विजय ने यहां तक पहुंचने के लिए बहुत संघर्ष किया है और लोग उनके खिलाफ गलत बातें कर रहे हैं। बात करते-करते वह भावुक हो जाता है और रोने लगता है।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो सामने आते ही लोगों के अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। कुछ लोग इसे फैंस का प्यार बता रहे हैं, तो कई यूजर्स इसे “अंधभक्ति” और “पागलपन की हद” कह रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “कुछ दिन बाद तमिलनाडु में विजय की मूर्तियां भी लगने लगेंगी।” वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “भाई ने तो घर के बाहर मंदिर ही बना दिया।”
दरअसल, अभिनेता से नेता बने विजय इन दिनों राजनीति में लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने अपनी पार्टी “तमिलगा वेत्री कझगम” बनाकर राजनीति में एंट्री की थी। हालिया चुनावों के बाद उनकी लोकप्रियता और ज्यादा बढ़ गई है।
राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने के बाद विजय ने फिल्मों से दूरी बनाने का भी फैसला किया है। उनकी आने वाली फिल्म जन नायकन को उनके करियर की आखिरी फिल्म बताया जा रहा है। इस फिल्म में पूजा हेगड़े और बॉबी देओल भी नजर आएंगे।
फिलहाल, विजय के फैन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है और लोग इसे लेकर लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।