Hindi News / politics / लोग कपड़ा ना पहनें..अब शायद यही कहेंगे पीएम मोदी, प्रधानमंत्री की अपील पर...

लोग कपड़ा ना पहनें..अब शायद यही कहेंगे पीएम मोदी, प्रधानमंत्री की अपील पर तेजस्वी ने कसा तंज

तेजस्वी ने कहा कि चुनाव के दौरान मैंने दावा किया था कि नीतीश कुमार ज्यादा दिनों तक सीएम नहीं रहेंगे, भाजपा उन्हें पद से हटाने का काम करेगी। देखिये आज वही हुआ, हम फिर दावा करते हैं कि बिहार में बीजेपी सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाली।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 17, 2026, 5:39:57 PM

बिहार न्यूज

बिहार में ज्यादा दिन नहीं चलेगी भाजपा सरकार: तेजस्वी - फ़ोटो रिपोर्टर

MOTIHARI: राष्ट्रीय जनता दल ( RJD) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज 17 मई रविवार को मोतिहारी पहुंचे। जहां राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वर्गीय सुरेश प्रसाद यादव की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए। राजद कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में समर्थक फूल-माला लेकर पहुंचे और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी की।


इस दौरान तेजस्वी यादव ने मंच से राज्य सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे लगातार चुनावी सभाओं में कहते रहे हैं कि Nitish Kumar ज्यादा दिन तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे और भाजपा ही उन्हें पद से हटाने का काम करेगी। देखिये आज वही हुआ, जो हम कहे थे। 

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार में भाजपा की सरकार भी ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है। सम्राट चौधरी भी ज्यादा दिनों तक मुख्यमंत्री रहने वाले नहीं हैं। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर एक खास समाज और जाति के लोगों को निशाना बना रही है तथा उनके एनकाउंटर करवाए जा रहे हैं।


उन्होंने केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों को पेट्रोल-डीजल बचाने और सोना नहीं खरीदने की सलाह दे रहे हैं। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि आने वाले समय में शायद यह भी कहा जाएगा कि लोग कपड़े नहीं पहनें। तेजस्वी यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट और मजबूत रहने की अपील करते हुए कहा कि जनता के बीच मजबूती से जाएं। आने वाले समय में फिर से उनकी सरकार बनेगी।

मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट