Hindi News / politics / ‘बैलेट पेपर से चुनाव हुए तो BJP-NDA कहीं नहीं टिकेंगे’, विधान परिषद उपचुनाव...

‘बैलेट पेपर से चुनाव हुए तो BJP-NDA कहीं नहीं टिकेंगे’, विधान परिषद उपचुनाव में जीत से तेजस्वी यादव गदगद

Bihar Politics: भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव में आरजेडी की जीत के बाद तेजस्वी यादव ने ईवीएम पर सवाल उठाते हुए कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव होने पर बीजेपी और एनडीए कहीं नहीं टिक पाएंगे।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 14, 2026, 5:36:27 PM

Bihar Politics

- फ़ोटो Social media

Bihar Politics: बिहार विधान परिषद उपचुनाव में आरजेडी की जीत के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीजेपी और एनडीए पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि अगर देश में चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं, तो बीजेपी और एनडीए कहीं नहीं टिक पाएंगे। साथ ही उन्होंने ईवीएम पर सवाल उठाते हुए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग दोहराई।


तेजस्वी यादव ने कहा कि भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार एमएलसी उपचुनाव में आरजेडी प्रत्याशी सोनू राय की भारी मतों से जीत हुई है और एनडीए को करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह चुनाव बैलेट पेपर से हुआ था, इसलिए जनता का असली जनादेश सामने आया।


तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि ईवीएम से होने वाले चुनावों में सत्ता में बैठे लोग छल-कपट करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर पिछले बिहार विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर से हुए होते, तो महागठबंधन को 150 से ज्यादा सीटें मिलतीं।


ईवीएम पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मशीन से वोटिंग होने के बावजूद मतगणना में पूरा दिन और देर रात तक समय लगता है। ऐसे में जब गिनती में उतना ही समय लग रहा है, तो फिर बैलेट पेपर से चुनाव कराने में क्या दिक्कत है।


बता दें कि भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार एमएलसी सीट पर हुए उपचुनाव में आरजेडी उम्मीदवार सोनू राय ने जेडीयू प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को 350 से अधिक वोटों से हराया। यह सीट पहले जेडीयू के पास थी। पूर्व एमएलसी राधाचरण साह के विधायक बनने के बाद सीट खाली हुई थी, जिसके बाद उपचुनाव कराया गया।