1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 25, 2026, 5:40:54 PM
बीजेपी पर जमकर हंगामा - फ़ोटो रिपोर्टर
MOTIHARI: मोतिहारी पहुंचे जन सुराज के मुख्य सूत्रधार एवं जाने-माने राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बांकीपुर सीट भाजपा का गढ़ मानी जाती है, लेकिन वहां भाजपा को हराने के लिए जन सुराज हर संभव प्रयास करेगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो उनकी टीम किसी भी हद तक जाकर भाजपा को पराजित करने का काम करेगी।
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज को हराने के लिए पैसे का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया था। उनका कहना था कि लोगों को दस-दस हजार रुपये देकर चुनाव को प्रभावित किया गया। उन्होंने कहा कि ठीक उसी तरह, इस बार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को हराने के लिए जन सुराज पूरी ताकत झोंक देगा और हर रणनीति अपनाई जाएगी।
जब उनसे यह सवाल पूछा गया कि क्या वह खुद बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने इस पर सीधे जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने केवल इतना कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य भाजपा को उसके ही गढ़ में हराना है और इसके लिए जो भी आवश्यक होगा, वह किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा। कहा कि केवल रंग बदल लेने से वास्तविकता नहीं बदलती।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिहार को ‘जंगलराज’ कहा जाता था, तब वर्तमान मुख्यमंत्री कहां थे और उन्होंने उस समय क्या भूमिका निभाई थी? हरा रंग को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि रंग बदलने की राजनीति से जनता का भला नहीं होने वाला।
उन्होंने कहा कि जरूरत इस बात की है कि बिहार में पलायन का “रंग” बदले, यानी लोगों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े। साथ ही उन्होंने कहा कि अपराध की स्थिति में सुधार होना चाहिए और कानून-व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति को असली मुद्दों पर केंद्रित होना चाहिए, ना कि हरे, लाल या पीले रंग की बहस में उलझकर जनता का ध्यान भटकाया जाए।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट