1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 25, 2026, 11:19:06 AM
पप्पू यादव के खिलाफ केस - फ़ोटो Google
Bihar Politics: पूर्णिया सांसद द्वारा राजनीति में आने वाली महिलाओं पर की गई कथित टिप्पणी के मामले में पटना के शास्त्रीनगर थाना में जेडीयू की महिला नेता ने आवेदन दिया है। यह शिकायत जदयू की प्रदेश सचिव रीना कुमारी चौधरी ने की है।
पप्पू यादव पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की, जिससे सार्वजनिक जीवन में सक्रिय महिलाओं की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंची है। शिकायत के अनुसार, सांसद के बयान ने राजनीति में आने वाली महिलाओं के आत्मसम्मान और सामाजिक छवि पर सीधा हमला किया है और एक नकारात्मक एवं निराशाजनक माहौल पैदा करने की कोशिश की गई है।
मामले से जुड़े वायरल वीडियो में सांसद द्वारा यह कहते हुए आरोप लगाया गया है कि बड़ी संख्या में महिलाएं राजनीति में पुरुष नेताओं के साथ व्यक्तिगत संबंधों के बाद ही प्रवेश और सफलता हासिल करती हैं। जब इस बयान पर सवाल उठाए गए, तो उन्होंने अपने रुख को सही ठहराने का प्रयास किया।
इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। विभिन्न मंचों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। राज्य महिला आयोग ने भी सांसद को नोटिस जारी किया है। साथ ही, उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द करने की मांग भी उठाई जा रही है।