Hindi News / politics / सीएम बनने के बाद पहली बार नीतीश के गढ़ में सम्राट चौधरी, नालंदा...

सीएम बनने के बाद पहली बार नीतीश के गढ़ में सम्राट चौधरी, नालंदा में राजकीय मेला-महोत्सव का करेंगे उद्घाटन

Bihar Politics: बिहार का मुख्यमंत्री बनने के बाद आज पहली बार सम्राट चौधरी नालंदा पहुंचेंगे। यहां वह राजकीय मेला-महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। नालंदा पूर्व सीएम नीतीश कुमार का पैतृक जिला है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 01, 2026, 8:32:02 AM

Bihar Politics

- फ़ोटो Google

Bihar Politics: नालंदा के प्रणावां गांव में आयोजित श्री श्री 108 श्री शरण निवास बाबा महतो साहब द्विवार्षिक राजकीय मेला एवं महोत्सव का भव्य शुभारंभ शुक्रवार, 1 मई को होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर में मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार नीतीश कुमार के पैतृक जिला नालंदा पहुंचेंगे।


मेला समिति के अध्यक्ष केदार महतो और संयोजक राजकुमार महतो ने बताया कि कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। इनमें विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, पूर्व मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार और स्थानीय विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।


मेला समिति की ओर से आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मेला परिसर में साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजकों के अनुसार इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले में आसपास के लगभग 108 गांवों के धानुक समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे।


मेले को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक माना जा रहा है।