1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated May 09, 2026, 6:41:54 PM
- फ़ोटो Google
Bihar Politics: बिहार के मुजफ्फरपुर से भाजपा विधायक रंजन कुमार को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। नगर विधायक ने इस संबंध में मिठनपुरा थाना में शनिवार को आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। विधायक का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से भ्रामक पोस्ट साझा किए गए और विरोध करने पर उन्हें एके-47 से मारने की धमकी दी गई।
विधायक रंजन कुमार ने कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार और पताही के एक युवक को आरोपी बनाया है। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि मुकुंद कुमार लगातार सोशल मीडिया पर मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े भ्रामक पोस्ट साझा कर रहा था।
विधायक के अनुसार, आरोपी ने उनकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल कर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की। इसी मामले में बातचीत करने के लिए विधायक अपने समर्थकों और स्थानीय लोगों के साथ आरोपी के घर पहुंचे थे।
भाजपा विधायक का आरोप है कि बातचीत के दौरान मुकुंद कुमार उग्र हो गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। विधायक ने शिकायत में कहा कि आरोपी ने खुद को अपराधी बताते हुए दावा किया कि वह पहले भी एके-47 रखने के मामले में जेल जा चुका है और उसी हथियार से सबको “भून देने” की धमकी दी।
विधायक ने पुलिस प्रशासन से संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कराने और आईटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शिकायत की प्रतिलिपि मुजफ्फरपुर के एसएसपी और साइबर थाना को भी भेजी है। मिठनपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है। मुकुंद कुमार ने विधायक और उनके समर्थकों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।