1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 14, 2026, 6:29:35 PM
101 दिन की संकल्प यात्रा का ऐलान - फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी इन दिनों यूपी के दौरे पर हैं। आज वे मिर्जापुर पहुंचे, जहां उनका कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
उन्होंने यहां एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री संजय निषाद पर जोरदार सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारा और उनका सफर समाज के कल्याण और निषाद आरक्षण की मांग लेकर संघर्ष के साथ शुरू हुई थी। लेकिन अब वे भटक गए। वे मंदिर-मस्जिद में उलझ गए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि संजय निषाद को अब समाज की नहीं, अपने परिवार, बेटे की चिंता है। आज वे सत्ता का मलाई खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपी के निषाद एकजुट हैं और अभी से ही 2027 की तैयारी शुरू कर दी है। घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि वीरांगना फूलन देवी के शहादत दिवस 25 जुलाई से वे प्रदेश की 101 दिनों की संकल्प यात्रा पर निकलेंगे और अपनी शक्ति का एहसास कराएंगे।
इस यात्रा के दौरान "आरक्षण नहीं तो गठबंधन नहीं और गठबंधन नहीं तो भाजपा को वोट नहीं" के नारे के साथ हम खड़े होंगे। उन्होंने डॉ. संजय निषाद को छह महीने का समय देते हुए कहा कि यदि वे निषाद का आरक्षण ले लेते हैं, तो हम भी उन्हें समर्थन देने के लिए तैयार हैं। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो वे इंडिया गठबंधन के साथ आ जाएं।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि यूपी से योगी सरकार और केंद्र से मोदी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। हमारी प्रतिबद्धता कमजोर और निचले तबकों को सम्मान देने की है। उन्होंने कहा कि जहां भी भाजपा की सरकार है, वहां विकास नहीं है। भाजपा पश्चिम बंगाल में भी जैसे-तैसे सरकार बना ली।
वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि अभी टिकट की बात नहीं है, अभी संगठन को मजबूत करना है। हम इंडिया गठबंधन में हैं और समाज के संरक्षण के लिए यूपी आए हैं। आज हमारा समाज ठगा महसूस कर रहा है।