Hindi News / politics / आम और शाही लीची लेकर सिंगापुर पहुंचे लालू प्रसाद, रोहिणी आचार्य ने शेयर...

आम और शाही लीची लेकर सिंगापुर पहुंचे लालू प्रसाद, रोहिणी आचार्य ने शेयर किया इमोशनल वीडियो; कहा- हमारे भगवान आए हैं

Lalu Prasad Yadav: लालू प्रसाद यादव रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर पहुंचे, जहां उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने एयरपोर्ट पर भावुक स्वागत किया। लंबे समय बाद पिता से मिलकर रोहिणी भावुक हो गईं और सोशल मीडिया पर इमोशनल वीडियो साझा किया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 30, 2026, 3:15:22 PM

Lalu Prasad Yadav

रोहिणी आचार्य का भावुक पोस्ट - फ़ोटो Social media

Lalu Prasad Yadav: राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें गले लगा लिया।


लालू प्रसाद यादव अपनी बेटी रोहिणी के लिए घर से आम, लीची, लड्डू सहित कई सामान लेकर सिंगापुर पहुंचे। लंबे समय बाद पिता से मिलने पर रोहिणी आचार्या भावुक हो गईं और उन्होंने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल वीडियो भी साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि आज उनके घर भगवान आए हैं और उनकी छोटी सी दुनिया में चारों धाम का आगमन हुआ है।


दरअसल, लालू प्रसाद यादव 2022 में सिंगापुर में हुए किडनी ट्रांसप्लांट के बाद नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए वहां जाते रहते हैं। उन्होंने अपनी बेटी रोहिणी से ही किडनी ट्रांसप्लांट कराया था। इस बार भी वे सिंगापुर में अपनी बेटी के घर पर ठहरे हुए हैं, जहां रोहिणी अपने पति और बच्चों के साथ रहती हैं।


रोहिणी आचार्या 2024 में सारण लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं और राजनीतिक रूप से सक्रिय रहती हैं। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में आरजेडी के लिए प्रचार भी किया था, हालांकि उस चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था।


चुनाव परिणाम के बाद लालू परिवार में विवाद की स्थिति भी देखने को मिली थी। रोहिणी आचार्या ने आरोप लगाया था कि पटना स्थित राबड़ी आवास में उनके साथ अभद्र व्यवहार हुआ और हार के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया गया। उन्होंने यहां तक कहा था कि उनके साथ गाली-गलौज और बदसलूकी हुई।


इसके बाद रोहिणी पटना एयरपोर्ट से दिल्ली होते हुए सिंगापुर चली गई थीं और उन्होंने अपने भाई तेजस्वी यादव से रिश्ता तोड़ने की बात भी कही थी। हालांकि, बाद में परिवार के कार्यक्रमों में उनकी गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।


हाल ही में तेजस्वी यादव के बेटे इराज के बर्थडे में पूरा लालू परिवार शामिल हुआ, लेकिन रोहिणी आचार्या उसमें नहीं पहुंचीं। इसके अलावा उन्होंने विधान परिषद चुनाव को लेकर एमएलसी उम्मीदवार बनने की खबरों को भी अफवाह बताया और कहा कि उन्हें किसी तरह का लालच नहीं है। फिलहाल लालू प्रसाद यादव सिंगापुर में अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच करा रहे हैं और परिवार के साथ समय बिता रहे हैं।