1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 30, 2026, 2:51:57 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो AI
Patna News: पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने शुक्रवार को सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने का सख्त आदेश दिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित अवैध पार्किंग और ढाबों को 15 दिनों के भीतर हटाया जाएगा। साथ ही एनएच किनारे अवैध रूप से खड़े पाए जाने वाले ट्रकों और अन्य वाहनों को जब्त कर चालान किया जाएगा। ऐसे वाहन मालिकों पर दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
डीएम और एसएसपी ने सभी पुलिस अधीक्षकों, एसडीओ, एसडीपीओ, थानाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जन सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी दौरान डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम 2015 के तहत द्वितीय अपील की सुनवाई भी की। इस दौरान कुल 14 मामलों का निपटारा किया गया। सुनवाई के क्रम में अवैध जमाबंदी से जुड़े एक मामले में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित राजस्व कर्मी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।