1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 16, 2026, 7:26:41 PM
ललन सिंह का बड़ा बयान - फ़ोटो Reporter
Bihar Politics: बिहार के लखीसराय में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री और मुंगेर से जेडीयू सांसद ललन सिंह ने बड़ा बयान दिया है। ललन सिंह ने खुले मंच से बताया कि नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी खुद छोड़ी और सम्राट चौधरी को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी चुना।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने जब मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने का फैसला किया तो अपना उत्तराधिकारी भी उन्होंने ही तय किया। नीतीश कुमार ने ही तय किया कि सम्राट चौधरी ही उनके उत्तराधिकारी होंगे और उन्होंने सत्ता की बागडोर सम्राट चौधरी के हाथों में सौंप दिया।
उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी संकल्प लिया है कि नीतीश कुमार ने जो रास्ता दिखाया है, उसी रास्ते पर आगे चलकर विकसित बिहार बनाने का काम करेंगे। इस दौरान उन्होंने बिहार के विकास को लेकर एनडीए सरकार की तरफ से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी और बताया कि सम्राट चौधरी की सरकार नीतीश कुमार के एजेंडे पर ही काम कर रही है।
बता दें कि ललन सिंह शनिवार की दोपहर करीब सवा 12 बजे लखीसराय के पिपरिया प्रखंड पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री लेशी सिंह के अलावा पार्टी के विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।