1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 22, 2026, 2:44:06 PM
मांझी के तीखे सवाल - फ़ोटो Google
Bihar Politics: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को खुली छूट दे दी है। पुलिस को फ्री हैंड मिलने के बाद बिहार में एक के बाद एक अपराधियों के एनकाउंटर हो रहे हैं। हाल के दिनों में हुए एनकाउंटर में एक जाति विशेष के लोगों को टारगेट करने का आरोप विपक्ष लगा रहा है। तेजस्वी यादव ने हाल ही में एक बयान दिया था कि बिहार में जाति देखकर एनकाउंटर हो रहे हैं।
तेजस्वी यादव के इस आरोप पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले ही बयान दे चुके हैं और अब एनडीए की सहयोगी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा का भी जवाब आ गया है। पार्टी के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव और आरजेडी पर पलटवार करते हुए सवाल पूछे हैं। जीतन राम मांझी ने कहा है कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती।
जीतन राम मांझी ने एक्स पर लिखा, “मैं मानता हूँ कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती। पर राजद वालें से मेरे कुछ सवाल हैं… बिहार के हर जेलों में एक ही जाति के 40 फ़ीसदी बंदी क्यों हैं? क्यों दलितों को सरकार से मिली पर्चे वाली लगभग 50 फ़ीसदी से अधिक ज़मीन पर एक ही जाति के लोगों ने ज़बरदस्ती क़ब्ज़ा किया हुआ है?
क्यों दलित अत्याचार क़ानून के तहत एक ही जाति के लोगों पर लगभग 50 फ़ीसदी या उससे अधिक मामले दर्ज हैं? क्यों मुसलमानों के कब्रिस्तान की जो ज़मीन क़ब्ज़ा गई है उस क़ब्ज़ा हुए ज़मीन का लगभग 60 फ़ीसदी हिस्से पर एक ही जाति का अवैध क़ब्ज़ा है?
क्यों वक़्फ़ की ज़मीन जो क़ब्ज़ा हुई है उस क़ब्ज़ा हुई लगभग 65 फ़ीसदी ज़मीन पर एक ही जाति का क़ब्ज़ा है? क्यों दंगों में एक ही जाति के लगभग 40 फ़ीसदी लोगों पर ही मुस्लिमों के उपर अत्याचार का आरोप लगा केस दर्ज होता है?
अब जवाब तो देना होगा।
आप हमारे उपर “अत्याचार” करो तो लीला,
हम पलट कर जवाब दे दें तो कैरेक्टर ढीला।
दलित अब किसी से डरने वाला नहीं,करारा जवाब मिलेगा।