1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 22, 2026, 4:28:55 PM
महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाई जाएगी - फ़ोटो सोशल मीडिया
DESK: महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की वकालत के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अब अपने संगठन में भी ‘नारी शक्ति’ को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने की तैयारी चल रही है।
सूत्रों के मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा में महिलाओं की भूमिका पहले से ज्यादा प्रभावी नजर आएगी। पार्टी महासचिव, उपाध्यक्ष और सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर महिलाओं को जिम्मेदारी दी जा सकती है। बताया जा रहा है कि करीब तीन महिला नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव, 4 से 5 महिलाओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 6 से 8 महिलाओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया जा सकता है।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद करीब 15 मई तक नितिन नबीन की नई टीम की घोषणा होने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व इस बार संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर एक मजबूत संदेश देना चाहता है।
सूत्रों की मानें तो नई टीम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाओं को शामिल किया जाएगा, जिसमें ग्रामीण, शहरी, महानगर, अर्ध-शहरी, आदिवासी और उत्तर-पूर्वी राज्यों की प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए देशभर से दो दर्जन से अधिक महिला नेताओं के नाम शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। इतना ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के बाद बीजेपी विभिन्न राज्यों की संगठनात्मक टीमों में भी महिला नेतृत्व को प्राथमिकता देने की योजना बना रही है।