1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 26, 2026, 10:58:51 AM
- फ़ोटो Google
Bihar MLC by-election: बिहार विधान परिषद की एक सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा कर दी गई है। यह सीट पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। अब इस सीट पर विधानसभा कोटे से निर्वाचन कराया जाएगा।
नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद 30 मार्च को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यह सीट रिक्त हो गई। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 1 जून से 8 जून के बीच नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 11 जून तक नाम वापस लेने की अनुमति होगी।
यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं, तो 18 जून को मतदान कराया जाएगा। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून से पहले संपन्न कर ली जाएगी। यह सीट विधानसभा कोटे से विधान परिषद के लिए भरी जा रही है और इसका कार्यकाल 6 मई 2030 तक रहेगा। उपचुनाव के जरिए इस रिक्त स्थान को भरा जाएगा।
बता दें कि इस सीट से पूर्व सीएम नीतीश कुमार लंबे समय तक बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे। राज्यसभा सांसद के तौर पर निर्वाचित होने के बाद उन्होंने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। ऐसे पूरी संभावना जताई जा रही है कि इस सीट से नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को उम्मीदवार बनाया जा सकता है।