1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 28, 2026, 8:18:02 AM
सीएम सम्राट जाएंगे गयाजी - फ़ोटो Google
Bihar CM visit: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 1 मई को एक दिवसीय दौरे पर गयाजी और बोधगया आएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उनके संभावित कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
इसी क्रम में सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने विष्णुपद मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार, गर्भगृह, देवघाट, गलियारे, पूजा स्थल और विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पुलिस प्रशासन ने मंदिर मार्ग पर स्थित दुकानों, होटलों, धर्मशालाओं और आवासीय क्षेत्रों की भी गहन जांच के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री 1 मई को विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री बोधगया के राज्य अतिथि निवास में भी रुकेंगे, जहां वे महाबोधि कोरिडोर और गयाजी के विष्णुपद कोरिडोर परियोजना की समीक्षा करेंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद इन दोनों कोरिडोर की प्रारंभिक समीक्षा पटना में की जा चुकी है, जिसमें विभिन्न मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए थे। अब उम्मीद है कि 1 मई को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में इन दोनों कोरिडोर योजनाओं पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, जिसके बाद आगे की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी।