Hindi News / politics / बिहार कैबिनेट विस्तार: कौन हैं डॉ. श्वेता गुप्ता? जो पहली बार बनने जा...

बिहार कैबिनेट विस्तार: कौन हैं डॉ. श्वेता गुप्ता? जो पहली बार बनने जा रही हैं मंत्री, कई नए चेहरों को मौका

Bihar Cabinet Expansion: बिहार कैबिनेट विस्तार में आज 31 नए मंत्री शपथ लेंगे। पहली बार मंत्री बनने जा रहे कई नए चेहरों में शिवहर विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता और निशांत कुमार का नाम चर्चा में है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 07, 2026, 10:07:37 AM

Bihar Politics

- फ़ोटो Google

Bihar Cabinet Expansion: बिहार में आज कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। सम्राट चौधरी सरकार में 31 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। मंत्रिमंडल में भाजपा कोटे से 14, जेडीयू से 13, लोजपा (रामविलास) से 2, हम से 1 और आरएलएम से 1 नेता को शामिल किया जाएगा।


इस बार कैबिनेट विस्तार में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। इनमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और शिवहर से विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता का नाम प्रमुख रूप से शामिल है। भाजपा की ओर से भी चार नए चेहरों को मंत्री पद मिल सकता है, जिनमें मिथिलेश तिवारी और नंद किशोर जैसे नाम शामिल हैं।


जेडीयू ने शिवहर सीट से डॉ. श्वेता गुप्ता को मौका देने के लिए चेतन आनंद को औरंगाबाद के नबीनगर भेजा था। वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में डॉ. श्वेता गुप्ता ने शानदार जीत दर्ज की थी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार नवनीत कुमार को 31,398 वोटों के बड़े अंतर से हराया था।


डॉ. श्वेता गुप्ता पेशे से डॉक्टर हैं और मूल रूप से सीतामढ़ी की रहने वाली हैं। जेडीयू में शामिल होने से पहले उनका संबंध भाजपा से भी रहा है। उनसे पहले शिवहर सीट से आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद चुनाव लड़ते थे। 44 वर्षीय श्वेता गुप्ता ने मेडिकल में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) तक शिक्षा प्राप्त की है। उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।


चुनावी हलफनामे के अनुसार, डॉ. श्वेता गुप्ता की कुल संपत्ति लगभग 28.4 करोड़ रुपये है। इसमें 6.6 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 21.8 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उनकी वार्षिक आय करीब 74.4 लाख रुपये बताई गई है, जबकि उन पर लगभग 4.1 करोड़ रुपये की देनदारी भी है।