1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 05, 2026, 4:27:18 PM
नशेड़ी युवक की हालत गंभीर - फ़ोटो सोशल मीडिया
DESK: झारखंड के चतरा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कुंदा थाना क्षेत्र के बरवाडीह टोला गांव में 46 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर शराब के नशे में पहले एक जिंदा सांप को चबा डाला, फिर खेत में पड़े दूसरे मृत सांप को भी खा लिया। बताया जा रहा है कि वह तीसरे सांप को भी खाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन समय रहते परिजनों ने उसे रोक लिया। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, बरवाडीह टोला निवासी बुधन भारती शनिवार को अपने कुछ साथियों के साथ ताश खेल रहे थे। इसी दौरान पास के खेत से एक सांप निकलकर उनकी ओर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सांप ने उन्हें डंसने का प्रयास किया, जिसके बाद नशे की हालत में बुधन ने उसे पकड़ लिया और कथित तौर पर जिंदा ही चबा डाला। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं सुनी।
बताया जाता है कि इसके बाद बुधन पास के खेत में पहुंचे, जहां ग्रामीणों द्वारा पहले से मारा गया एक सांप पड़ा था। आरोप है कि उन्होंने उस मृत सांप को भी उठा लिया और उसे भी खा लिया। इसके बाद उन्होंने दोबारा शराब पी और तीसरे सांप को पकड़ने की कोशिश करने लगे। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने काफी समझाने-बुझाने के बाद उन्हें ऐसा करने से रोका।
कुछ ही देर बाद बुधन भारती की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि विषैले सांपों के संपर्क में आना या उन्हें खाने का प्रयास करना बेहद खतरनाक हो सकता है। मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।