Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / बिहार में महिला की संदिग्ध मौत, दफनाए गए शव को कब्र से निकलवाकर...

बिहार में महिला की संदिग्ध मौत, दफनाए गए शव को कब्र से निकलवाकर अपने साथ ले गई पुलिस, इलाके में मची सनसनी

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर से एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। एक महिला की मौत के बाद दफनाए गए शव को प्रशासन ने कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मायके पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 07, 2026, 6:36:12 PM

बिहार में महिला की संदिग्ध मौत, दफनाए गए शव को कब्र से निकलवाकर अपने साथ ले गई पुलिस, इलाके में मची सनसनी

- फ़ोटो

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके शव को दफना दिया गया. बाद में मायके वालों की शिकायत पर प्रशासन ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.


मृतका की पहचान रिजवाना खातून, पति मो. रिजवान, के रूप में हुई है. मायके पक्ष का आरोप है कि 2 जुलाई की रात घरेलू विवाद के दौरान महिला के साथ उसके पति और परिवार के कुछ लोगों ने मारपीट की थी. उनका कहना है कि इसी घटना में रिजवाना की मौत हो गई. आरोप यह भी है कि मामले को छिपाने के लिए 3 जुलाई को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के जल्दबाजी में शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया.


घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजन कुढ़नी थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने महिला की हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की.


शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की. कुढ़नी की अंचलाधिकारी नीलम कुमारी की मौजूदगी में पुलिस टीम कब्रिस्तान पहुंची. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला के शव को कब्र से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर भेज दिया गया.


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.