1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 07, 2026, 5:13:59 PM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के मुंगेर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कल्याणचक गांव में तीन दिनों से लापता 20 वर्षीय छात्रा संध्या कुमारी का शव घर के पास स्थित एक कुएं से बरामद हुआ है. संध्या मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रही थी. शव मिलने की खबर के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतका के पिता धर्मवीर यादव ने बताया कि संध्या परिवार की इकलौती बेटी थी और उसका सपना डॉक्टर बनने का था. वह अब तक दो बार NEET परीक्षा दे चुकी थी. परिजनों के मुताबिक, परीक्षा में सफलता नहीं मिलने के कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी. हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है.
परिजनों ने बताया कि 5 जुलाई की सुबह करीब चार बजे संध्या घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. परिवार के लोगों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद मुफस्सिल थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई.
मंगलवार को गांव के कुछ लोगों की नजर घर के पास स्थित एक कुएं में शव पर पड़ी. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया. पहचान होने पर पता चला कि शव लापता छात्रा संध्या कुमारी का ही है. यह खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में लोगों की भीड़ जुट गई.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा की गुमशुदगी की शिकायत पहले ही दर्ज कर ली गई थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.